वॉशिंगटन, 18 अगस्त। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में मतदान के दौरान फोटो पहचान पत्र (Photo ID) अनिवार्य किए जाने की मांग दोहराई है। ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने और कथित धोखाधड़ी को रोकने के लिए मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करना जरूरी है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Truth Social’ पर भारत की चुनाव व्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भारत में हालिया आम चुनाव के दौरान एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया था और मतदान के लिए वैध फोटो पहचान पत्र की व्यवस्था थी।
भारत की व्यवस्था का दिया उदाहरण
ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि जब भारत में मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पहचान पत्र की व्यवस्था लागू है, तो अमेरिका में बिना वैध फोटो ID के मतदान कैसे कराया जा सकता है।
उन्होंने अमेरिकी चुनावों में मतदाता पहचान को लेकर अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया में पहचान की पुष्टि होना जरूरी है।

