रायपुर, 20 नवम्बर। Tulsi Shaligram Vivah: राजधानी के वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में शुक्रवार से दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव की शुरुआत होगी। आयोजन के लिए 65 शालिग्राम विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग शहरों से पहुंचने वाले 65 यजमान जोड़े इनका पूजन करेंगे।
महोत्सव के दौरान शाम को बाजे-गाजे के साथ भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली जाएगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन का आयोजन वनबंधु परिषद महिला समिति रायपुर की ओर से किया जा रहा है।
समिति की मीडिया प्रभारी कविता राठी और प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता खंडेलवाल ने बताया कि मुख्य आचार्य पंडित हरीश मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। पहले दिन सुबह 9 बजे उत्तर पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद देवी-देवताओं का पूजन, हल्दी की रस्म और एकादशी व्रत कथा का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, समिति अध्यक्ष कांता सिंघानिया और सचिव सरिता रखनी ने बताया कि शनिवार को गोदान, हवन और पूर्णाहुति होगी। इसके बाद 27 ब्राह्मण जोड़ों का पूजन कर उन्हें भोजन कराया जाएगा। महोत्सव के समापन पर महाभंडारे का आयोजन होगा, जिसमें करीब एक हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है।

