बरेली, 29 अगस्त। UP Fire incident: उत्तर प्रदेश के बरेली में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मिनी बाइपास स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल की चौथी मंजिल से धुआं उठता देखकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल मरीजों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
गनीमत रही कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी, वहां उस समय कोई मरीज मौजूद नहीं था। हालांकि, नीचे के तलों पर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एसी में शॉर्ट सर्किट की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटे हैं।
मिनी बाइपास पर लगा जाम
अस्पताल में आग की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अस्पताल के बाहर लोगों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से मिनी बाइपास रोड पर जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से राहगीरों को परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और कुछ देर बाद स्थिति सामान्य कराई।
समय रहते अस्पताल को खाली करा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

