Site icon AB News24.in

UP Murder Case: प्रयागराज में पति-पत्नी समेत 3 की हत्या… ट्रिपल मर्डर से इलाके सनसनी

प्रयागराज, 4 अगस्त। UP Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई। शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले में एक कमरे के अंदर मूक-बधिर पति-पत्नी और एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों के खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा आधा खुला देखकर पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर झांकने पर तीनों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मकान मालकिन के बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि मृतक दंपति पिछले छह महीने से उनके मकान में किराए पर रह रहे थे और कबाड़ बीनने का काम करते थे। दोनों बोल और सुन नहीं सकते थे। सोमवार को उनसे मिलने एक महिला आई थी, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। रात करीब 11 बजे तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह तीनों मृत मिले।

दूसरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार ऋषि सिंह ने बताया कि रात में किसी भारी चीज के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन नींद में होने के कारण उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। सुबह नीचे कमरे में तीन लोगों की हत्या की जानकारी मिली।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। फोरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version