रायबरेली। UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों और अपनी विरासत को भूल जाता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता।
योगी ने राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की परंपरा और मूल्यों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्होंने संविधान की शपथ ली है, लेकिन इसके बावजूद वे भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना अधिकार समझते हैं।
यूपी से बाहर जाते हैं तो यूपी को बदनाम करते हैं
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से बाहर जाते हैं तो उत्तर प्रदेश को और भारत से बाहर जाते हैं तो भारत को अपमानित करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की पहचान और विरासत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी से जनता को भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए।
सेना से सबूत मांगने के मुद्दे पर भी घेरा
योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना से सबूत मांगने के मुद्दे को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेना देश की सीमाओं की रक्षा करती है और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करती है, तब सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और अयोध्या में भगवान राम के अस्तित्व को लेकर भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आस्था, परंपरा और विरासत को लेकर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने के बजाय उसके इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझना चाहिए।

