Site icon AB News24.in

UP News: मेरठ में खौफनाक साजिश… पत्नी ने प्रेमी संग सांप से डसवाकर कराई पति की हत्या

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया।

मेरठ में

उत्तर प्रदेश, 18 जुलाई| UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया।

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडे के अनुसार, 17 जुलाई को थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में अतुल पंवार (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी दामिनी ने दावा किया था कि अतुल की मौत सांप के काटने से हुई है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हालांकि, परिजनों द्वारा मौत पर संदेह जताने के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस और मोबाइल फोन की जांच में खुलासा हुआ कि दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीरें भी मिलीं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक सपेरे से जहरीला सांप खरीदा था। घटना से एक रात पहले अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां दी गईं और उसके बाद सांप को उसके कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि अतुल और दामिनी वर्ष 2019 से प्रेम विवाह के बाद थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, अतुल ने पहले 20 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया था। आरोपी दामिनी और तुषार की योजना बीमा की रकम हासिल कर शादी करने की थी। तुषार ने बीमा राशि मिलने के बाद अपनी पत्नी को तलाक देने का भी भरोसा दिया था।

पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले अतुल को बिना नंबर की कार से कुचलने की कोशिश की गई थी, लेकिन दामिनी ने उन्हें मामला दर्ज कराने से रोक दिया था।

स्वाट टीम देहात और थाना हस्तिनापुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले में दामिनी, तुषार और उनके दो सहयोगियों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हत्या में सहयोग करने के बदले सोनू और उदय को 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version