Site icon AB News24.in

UP News: प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा… मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रतापगढ़, 06 अगस्त| UP News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महुली गांव में करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60) का मकान काफी पुराना और जर्जर था। गुरुवार तड़के करीब 2 बजे अचानक मकान ढह गया। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता, नितिन, माधुरी, माधव और अद्विक शामिल हैं। वहीं, प्रमोद श्रीवास्तव के 28 वर्षीय पुत्र अमन सुरक्षित बच गए। उन्हें मलबे से बाहर निकाल लिया गया और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मकान और कमजोर हो गया था, जिससे यह हादसा हुआ। इससे पहले भी प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील क्षेत्र में भारी बारिश के चलते एक किसान का कच्चा मकान ढह गया था, जिसमें किसान घायल हो गया था।

 

Exit mobile version