लखनऊ, 3 अगस्त। UP Vidhansabha Monsoon Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र सोमवार यानी आज से शुरू हो रहा है। सत्ता पक्ष ने विपक्ष से सदन की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों पर चर्चा की अपील की है, जबकि विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी, बिजली संकट, किसानों को खाद, बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि पहली बार सदन की कार्यवाही पूरे ‘वंदे मातरम्’ के गायन से शुरू होगी। पहले दिन दिवंगत सपा विधायक आलमबदी को श्रद्धांजलि देकर शोक प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
सत्र में सरकार नौ अध्यादेशों के स्थान पर विधेयक पेश कर सकती है। साथ ही CAG की रिपोर्ट और संभल हिंसा जांच आयोग की रिपोर्ट भी सदन में रखे जाने की संभावना है।
विपक्ष ने सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग करते हुए सरकार से जनहित के मुद्दों पर जवाब मांगने की बात कही है। वहीं, भाजपा विधायक केतकी सिंह को विधानसभा के अधिष्ठाता मंडल में शामिल किया गया है।

