Site icon AB News24.in

US Election 2026: भारतवंशी पिया डांडिया ने रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराकर दर्ज की जीत

वॉशिंगटन, 04 नवम्बर। US Election 2026: अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल की डेमोक्रेट उम्मीदवार पिया डंडिया ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी असकर को हराकर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में अपनी जगह बनाई है। यह जीत भारतीय मूल के लोगों के लिए भी एक खास उपलब्धि मानी जा रही है।

डिसीजन डेस्क HQ के अनुमान के अनुसार, पिया डंडिया को 52.22 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी केसी असकर को 47.78 प्रतिशत वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ डंडिया ने फ्लोरिडा की इस सीट पर डेमोक्रेट पार्टी का प्रतिनिधित्व हासिल किया है।

भारत से अमेरिका पहुंचे माता-पिता, बेटी बनी कांग्रेसवुमन

जीत के बाद पिया डंडिया ने अपने माता-पिता के संघर्ष और अमेरिकी सपने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब 40 साल पहले उनके माता-पिता भारत से पाम बीच काउंटी आए थे। उनका सपना अमेरिका में बेहतर जीवन बनाने का था।

पिया ने कहा कि एक पीढ़ी बाद आज उनकी बेटी कांग्रेसवुमन बनने जा रही है। यह कहानी अमेरिका में ही संभव है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस में रहते हुए वह देश के वादों को पूरा करने के लिए काम करेंगी।

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लड़ा चुनाव

पिया डंडिया ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस का चुनाव अपने छात्रों और बेटे के बेहतर भविष्य के लिए लड़ा। उनका मानना है कि हर बच्चा ऐसे भविष्य का हकदार है, जिसका सपना माता-पिता अपने बच्चों के लिए देखते हैं।

उन्होंने चुनाव में समर्थन देने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने उन पर भरोसा किया है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि वह इस भरोसे पर खरी उतरें और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाने का प्रयास करें।

Exit mobile version