Site icon AB News24.in

Uttarakhand News: चमोली की सुरंग में बड़ा हादसा… 7 की मौत

चमोली, 14 अगस्त। Uttarakhand News: उत्तराखंड के पहाड़ी जिले चमोली में  निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा भरने से बड़ा हादसा हो गया। पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

NDRF के मुताबिक अब तक 4 शव सुरंग से बाहर निकाले जा चुके हैं। वहीं, घायल 11 लोगों का इलाज गोपेश्वर के जिला अस्पताल में चल रहा है। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पानी और मलबे के कारण रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण

सुरंग के भीतर अचानक पानी और मलबा भरने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

मौके पर NDRF, SDRF और सेना की टीमें तैनात हैं। प्रशासन की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। सुरंग के अंदर की स्थिति को देखते हुए बचाव दल बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

CM धामी ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित सुरंग क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री गोपेश्वर के जिला अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।

फिलहाल सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन और बचाव एजेंसियों की प्राथमिकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Exit mobile version