Site icon AB News24.in

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश का कहर… भूस्खलन से बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद

देहरादून, 07 अगस्त। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भूस्खलन और मलबा आने से बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद हो गए हैं, जबकि केदारनाथ मार्ग फिलहाल सुचारू है। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश के कारण गंगा, यमुना, अलकनंदा, मंदाकिनी, टौंस, गोमती और सरयू नदियां उफान पर हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही चारधाम यात्रा पर निकलने की अपील की है।

बदरीनाथ हाईवे कालेश्वर में मलबा आने से बंद हो गया है। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेलगुगाड़, नालूपानी और गंगनानी के पास भूस्खलन के कारण बाधित है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल और स्यानाचट्टी के पास मलबा आने से बंद है। मार्ग खोलने का काम जारी है।

कोटद्वार और पौड़ी जिले में भी भारी बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। बुवाखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने से यातायात प्रभावित है। कई संपर्क मार्ग बंद हैं, जबकि कुछ गांवों में बिजली और पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की है और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सतर्क किया जा रहा है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और मार्ग बहाली के कार्य में जुटी हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Exit mobile version