रायपुर, 04 नवम्बर। Vikasit Bharat Sankalp Park: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मंगलवार नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में फैले विकसित भारत संकल्प पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के वृक्ष लगाए गए हैं। यह पहल नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
‘People for Peepal’ अभियान से बढ़ेगी जनभागीदारी
नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल से भी जोड़ना है।
इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल आधुनिक शहरी अधोसंरचना के साथ हरियाली के विस्तार और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करेगी। अभियान के माध्यम से पीपल के प्रति लोगों की सांस्कृतिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, वन मंत्री श्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

