बिलासपुर, 27 सितंबर। Viral News: बिलासपुर के पचरी घाट पुल के पास युवतियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवतियां एक-दूसरे से लात-घूंसे से मारपीट करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते झांकी की रात विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
मारपीट के बाद इंस्टाग्राम पर स्टेटस की चर्चा
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नीले कपड़े में नजर आ रही युवती की पहचान तान्या अली के रूप में बताई जा रही है। दावा है कि इससे पहले भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मारपीट से जुड़े एक वायरल वीडियो में तान्या का नाम सामने आया था। उसके खिलाफ पहले अपराध दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
वहीं, ताजा घटना के बाद तान्या के इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर खुद को ताकतवर बताने और ‘लेडी डॉन’ बनने से जुड़ा स्टेटस लगाए जाने की चर्चा है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मौजूदा घटना को लेकर पुलिस ने शिकायत मिलने से इनकार किया है। पुलिस की ओर से घटना की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई है। फिलहाल मारपीट की वास्तविक वजह, इसमें शामिल युवतियों की संख्या और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।

