विशाखापत्तनम, 21 अगस्त। Visakhapatnam News: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक निजी स्कूल में 6 वर्षीय छात्र की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। टाउन इलाके के स्कूल में पढ़ने वाले प्रणय की स्कूल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर महिला शिक्षक ने बच्चे को थप्पड़ मारा, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
CCTV में नजर आई घटना
सामने आए CCTV फुटेज में महिला शिक्षक कक्षा में बच्चों का होमवर्क जांचती दिखाई दे रही है। इसी दौरान प्रणय भी शिक्षक के पास पहुंचता है। फुटेज में शिक्षक बच्चे की शर्ट का बटन लगाती नजर आती है। बच्चा रोता हुआ और हाथ से मना करने का इशारा करता दिखाई देता है।
इसके बाद शिक्षक द्वारा बच्चे को थप्पड़ मारने का दृश्य फुटेज में नजर आता है। कुछ ही सेकंड बाद बच्चा शिक्षक की ओर गिर जाता है। शिक्षक उसे संभालने की कोशिश करती दिखाई देती है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों के अनुसार प्रणय 20 अगस्त की सुबह सामान्य स्थिति में स्कूल गया था। दोपहर में परिवार को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल किंग जॉर्ज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के पिता का आरोप है कि स्कूल का CCTV फुटेज देखने के बाद उन्हें शिक्षक द्वारा बच्चे को डराने और थप्पड़ मारने की जानकारी मिली। परिवार का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि बच्चे की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

