रायपुर, 30 जुलाई। By-Election: देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर, गुजरात की मंजलपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। तीनों सीटों पर प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी, आरजेडी और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मतदान के दौरान किदवईपुरी स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों और पार्टी से जुड़े लोगों को पुलिस द्वारा डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस अपने साथ ले गई। वहीं, बीजेपी ने बांकीपुर में फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मतदाताओं के EPIC कार्ड और वोटर लिस्ट में दर्ज नाम का सख्ती से मिलान कराने की मांग की है।
बांकीपुर सीट पर कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। कुल 3.79 लाख मतदाताओं के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनियों के साथ बिहार पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। सुबह 9 बजे तक यहां 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सुबह 9 बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2.20 लाख से अधिक मतदाता 21 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 291 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। मतदान के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भी मतदान जारी है। बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। बीजेपी ने सतीश पटेल और कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस उम्मीदवार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

