Site icon AB News24.in

Vrindavan News: वृंदावन में दर्दनाक हादसा… टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत

वृंदावन, 07 अक्टूबर। Vrindavan News: चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गुरुकुल और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे गुरुकुल के छात्र करीब 12 फीट गहरे पानी के सबमर्सिबल टैंक की सफाई कर रहे थे। टैंक से बदबू आने के बाद एक छात्र अंदर गया, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य छात्र भी टैंक में उतरते चले गए।

कुछ ही देर में पांच छात्र जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी छात्रों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मनु कटारे, देवांश, विशु और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुरुकुल पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।

पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Exit mobile version