नई दिल्ली, 25 अगस्त। Weather Update: दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। एम्स फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई स्थानों पर करीब 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश के कारण सड़क यातायात के साथ हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही।
फ्लाइट्स पर भी बारिश का असर
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उड़ान से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क करने और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। सोमवार को दिल्ली में करीब 390 उड़ानें देरी से चलीं, जबकि 15 उड़ानों को डायवर्ट और 26 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
गुरुग्राम में स्कूल-दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम
गुरुग्राम में भी भारी बारिश के बाद कई इलाकों में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। हालात को देखते हुए मंगलवार को सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया। इससे पहले सोमवार को जलभराव के कारण कई स्कूल बसें पानी में फंस गई थीं।
यूपी में बारिश से 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के अयोध्या समेत करीब 15 शहरों में बारिश का दौर जारी है। वाराणसी में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत की सूचना है। मथुरा में भी सड़कें और कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं।
MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के भोपाल समेत कई जिलों में भी तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजारों में पानी भर गया, जबकि भोपाल में यातायात प्रभावित रहा। प्रदेश में अब तक करीब 28.75 इंच बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

