Site icon AB News24.in

Weather Update: मानसून फिर हुआ सक्रिय… 4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली, 29 अगस्त। Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

यूपी के 16 जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश के 16 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 47 शहरों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

झांसी के टोडी फतेहपुर में भारी बारिश के बाद पथराई नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बस स्टैंड सहित आसपास के इलाके में पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में करीब 8 फीट तक पानी पहुंचने से लोगों को छतों पर शरण लेनी पड़ी।

ओडिशा में 67 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित

ओडिशा के तीन जिलों में 67 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने उत्तरी और तटीय ओडिशा में 2 सितंबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में परेशानी बढ़ने की आशंका है।

बिहार में गंगा-गंडक का जलस्तर बढ़ा

बिहार में गंगा और गंडक नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य में 50 हजार से अधिक घरों में पानी भरने की जानकारी है। मौसम विभाग ने सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में 67 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। राज्य में 67 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने में जुटे हैं।

राजस्थान में बारिश थमी, बढ़ा तापमान

राजस्थान में शुक्रवार को मानसून आने के बाद पहली बार प्रदेश में कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई। अलवर समेत 15 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा। बारिश नहीं होने से कई इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश का दौर जारी है। रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पंजाब में मानसून फिलहाल कमजोर है। हालांकि पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम और प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी है।

Exit mobile version