Site icon AB News24.in

Weather Update: 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट… UP-MP समेत कई राज्यों में बिगड़े हालात

नई दिल्ली, 18 अगस्त। Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन भी आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश और तेज होने की संभावना है।

UP में कई जिलों में जलभराव

उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से कई शहरों में बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, प्रतापगढ़, वाराणसी और जौनपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों, अस्पतालों और सरकारी भवनों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्नाव और कानपुर में 500 से अधिक घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। वहीं, प्रतापगढ़ के एक थाने में भी जलभराव हो गया। हालात को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई, अमेठी और जौनपुर समेत कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

गंगा का जलस्तर बढ़ा, मंदिरों में घुसा पानी

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ-प्रयागराज लेन का करीब 10 मीटर हिस्सा धंस गया। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में पानी पहुंच गया है। दशाश्वमेध घाट स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर का एक हिस्सा भी पानी में डूब गया है।

उत्तराखंड में 91 सड़कें बंद

उत्तराखंड में भी लगातार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। ऋषिकेश में बीन नदी में एक कार पलट गई, जिसमें फंसे दो लोगों को SDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला। प्रदेश की गंगा, सरयू और गोमती समेत आठ नदियां चेतावनी स्तर के ऊपर बह रही हैं। भूस्खलन के कारण 91 सड़कें बंद होने की जानकारी है।

MP में बाढ़ जैसे हालात

मध्य प्रदेश के सतना में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग कर दी है और SDRF की टीम को तैनात किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

Exit mobile version