Site icon AB News24.in

Weather Update: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट… दिल्ली में अगस्त का रिकॉर्ड टूटा

नई दिल्ली। Weather Update: देश के कई राज्यों में इस सप्ताह मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी अगले दो दिनों तक बारिश तेज हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के आसार हैं। मध्य भारत में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में स्कूल बंद

मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। मंडला में नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं डिंडोरी में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सोमवार को नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

यूपी में नदियों का बढ़ा जलस्तर

उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। ललितपुर और महोबा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार के 20 जिलों में येलो अलर्ट

बिहार में भी मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई जगह बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में 8 दिन में सामान्य से ज्यादा बारिश

दिल्ली में अगस्त के शुरुआती 8 दिनों में ही 230.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पूरे अगस्त की सामान्य औसत बारिश 226.8 मिमी से ज्यादा है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर पिछले 24 घंटे में 98.7 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है।

IMD ने कई राज्यों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों से मौसम के ताजा अपडेट लेते रहने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Exit mobile version