Site icon AB News24.in

Weather Update: देशभर में एक्टिव हुआ मानसून… कई राज्यों में भारी बारिश से बिगड़े हालात

नई दिल्ली, 14 अगस्त। Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में बाढ़ से बिगड़े हालात

उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ से हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक बताए जा रहे हैं। प्रदेश के 16 जिलों के 80 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उन्नाव में बाढ़ का पानी घरों में घुसने के बाद कई लोगों को छतों पर शरण लेनी पड़ी है।

कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने के कारण नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वहीं वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे बने 100 से ज्यादा छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं।

बिहार में बारिश से राहत के साथ जलभराव की परेशानी

बिहार में बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी है, लेकिन कई जिलों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है। छपरा में करीब 45 मिनट की बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में डेढ़ से ढाई फीट तक पानी भर गया। करीब 100 दुकानों में भी पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।

मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल में रेल और सड़क यातायात प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कांगड़ा जिले में रेलवे ट्रैक पर चट्टानें गिरने के बाद चार ट्रेनों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

वहीं सोलन में चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर खराब मौसम और कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तराखंड में भी स्थिति गंभीर

उत्तराखंड में बारिश के कारण कई इलाकों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा भरने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। राहत और बचाव एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version