नई दिल्ली, 2 अगस्त। Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सबसे गंभीर स्थिति केरल में है, जहां मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के लापता होने की खबर है।
केरल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए इडुक्की, कोट्टायम, पथनमथिट्टा, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
राज्य में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां करीब 1,465 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, भारी बारिश से 17 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 127 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कई नदियां उफान पर हैं और जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ बांधों के गेट भी खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी और पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार देर रात दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। रविवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुजरात में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। दक्षिण और मध्य गुजरात के कई जिलों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उधर, असम में बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार दर्ज किया गया है, लेकिन अब भी लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
मौसम विभाग ने प्रभावित राज्यों के लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

