WhatsApp Hacked: विधायक का मोबाइल हैक… परिचितों को भेजे गए मैसेज

WhatsApp Hacked: विधायक का मोबाइल हैक… परिचितों को भेजे गए मैसेज

कोरबा, 23 सितंबर। WhatsApp Hacked: पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम का मोबाइल और WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक APK फाइल खोलने के बाद उनके मोबाइल का एक्सेस हैकर के पास चला गया।

हैक होने के बाद विधायक के WhatsApp से उनके परिचितों को मैसेज भेजकर 76 हजार रुपये की मांग की गई। मैसेज में लिखा गया कि छोटी सी मदद चाहिए, क्योंकि UPI काम नहीं कर रहा है।

कुछ परिचितों ने जब विधायक को फोन कर इस बारे में जानकारी ली, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।

APK फाइल खोलने के बाद हुआ हैक

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक के मोबाइल पर एक APK फाइल आई थी। फाइल ओपन करने के बाद मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद हैकर ने विधायक के WhatsApp का इस्तेमाल कर उनके संपर्क में मौजूद लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए।

पाली थाने में शिकायत, साइबर सेल जांच में जुटी

मामले की शिकायत पाली थाने में दर्ज कराई गई है। विधायक ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस साइबर सेल की मदद से हैकर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान APK फाइल या संदिग्ध लिंक को बिल्कुल भी ओपन न करें और किसी भी संदिग्ध मैसेज पर पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर पुष्टि जरूर करें।

क्राइम न्यूज