रायपुर, 27 नवम्बर। Winter Update: छत्तीसगढ़ में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन सूरज ढलते ही ठिठुरन बढ़ने लगी है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में सर्द हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। यह प्रदेश में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। वहीं राजधानी रायपुर में भी आने वाले दिनों में रातें और ठंडी होने का अनुमान है।
अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश की खास गतिविधि दर्ज नहीं की गई।
रायपुर में भी बढ़ेगी रात की ठंड
राजधानी रायपुर में भी सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के माना केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 से 30 नवंबर के बीच रायपुर में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में दिन में धूप के बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा।
अगले एक सप्ताह तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बना रहेगा। वहीं मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी सुबह और रात के समय ठंड महसूस होगी। दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट का एहसास बढ़ेगा।

