Bihar Crime News: कटिहार में सनकी पति गिरफ्तार…पत्नी के निजी फोटो-वीडियो किए वायरल

Bihar Crime News: कटिहार में सनकी पति गिरफ्तार…पत्नी के निजी फोटो-वीडियो किए वायरल

कटिहार, 13 जून। Bihar Crime News:  बिहार के कटिहार जिले में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने गुरुवार को कटिहार पुलिस में अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके पति ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए, जिससे उसे मानसिक और सामाजिक रूप से गंभीर नुकसान हुआ है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की पहचान दयानंद कुमार उर्फ दयानंद वर्मा के रूप में हुई है, जो मनिहारी इलाके का रहने वाला है और वर्ष 2023 में उसकी शादी हुई थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।

शुक्रवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब आरोपी का मोबाइल जब्त कर जांच की, तो उसमें पीड़िता के कई और निजी फोटो और वीडियो भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

कटिहार साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

क्राइम न्यूज