रक्षाबंधन पर ‘विष्णु भैया’ को बहनों ने बांधी राखी… CM साय ने केरसई को दी विकास कार्यों की सौगात

रक्षाबंधन पर ‘विष्णु भैया’ को बहनों ने बांधी राखी… CM साय ने केरसई को दी विकास कार्यों की सौगात

जशपुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास की भावपूर्ण झलक देखने को मिली। क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों से संवाद करते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली को अपनी जिम्मेदारी बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन परिवार की मजबूती की आधारशिला है। मजबूत परिवार ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव बनाते हैं। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है।

केरसई क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने केरसई और आसपास के गांवों के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, मिनी स्टेडियम, केरसई और घासीमुंडा स्थित बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार शामिल है।

इसके अलावा अरुण के घर तक सीसी सड़क, गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन और ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि केरसई में करीब 84.69 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ रही हैं। ड्रोन दीदियों के जरिए आधुनिक तकनीक में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जा रही है, वहीं जशपुर की महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के नए अवसर भी दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव की महिलाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।

किसानों और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने का काम जारी है। इसके साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से लोगों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।

जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज, एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि जिले के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आयुषी को पासबुक दी गई। स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। वहीं सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को प्रदेश की बहनों का ‘विष्णु भैया’ बताते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति उनका स्नेह और संवेदनशीलता लगातार दिखाई देती है।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

राज्य खबर