धमतरी, 03अक्टूबर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत पहले बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के तहत बनाए गए इस शौचालय का उद्देश्य ग्रामीण स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
गुलाबी रंग से सजे नवनिर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान बच्चियों ने हाथों में स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों की भी सहभागिता रही।
6 अगस्त को शुरू हुआ था अभियान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी योजना के तहत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में करीब 286.85 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के बाद करीब एक महीने में पूरा हुआ निर्माण
धूमा में बना यह शौचालय लगातार निगरानी के बाद तैयार हुआ। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड के दौरे के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था।
उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेने के साथ श्रमिकों से मजदूरी भुगतान के संबंध में भी जानकारी ली और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर शौचालय का उद्घाटन किया गया।
26 जनवरी तक हर स्कूल में शौचालय का लक्ष्य
‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करना है। इसके जरिए विद्यालयों में छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।


