रायपुर, 14 नवम्बर। तेलंगाना में ऑनलाइन डिलीवरी और कैब सेवाओं से जुड़े गिग वर्कर्स के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शनिवार को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी गिग वर्कर्स के समर्थन में निकाली गई बाइक और स्कूटी रैली में शामिल हुए। इस दौरान वे एक महिला गिग वर्कर की स्कूटी पर पीछे बैठे नजर आए। उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे।
रैली के बाद गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को मजदूर नहीं, बल्कि अपना पार्टनर मानती है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे कर्मचारियों से अधिक काम कराकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने बताया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस देने जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक डिलीवरी या राइड ट्रांजेक्शन से 1 प्रतिशत राशि सीधे वर्कर्स के बैंक खातों में जमा करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
सरकार की ओर से शहरों में गिग वर्कर्स के लिए रेस्ट जोन बनाने और उन्हें अपने काम से जुड़े डेटा तक पहुंच का अधिकार देने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान गिग वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी की गई।
गौरतलब है कि तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स कानून 2 जून 2026 से लागू है। वहीं, 14 नवंबर को इस कानून से जुड़े नियमों की अधिसूचना जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। सरकार के इन फैसलों से ऑनलाइन डिलीवरी और कैब सेवाओं में काम करने वाले कर्मचारियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।


