Monsoon Update: उत्तराखंड में भूस्खलन से 1000 लोग फंसे… यूपी में बारिश से 10 की मौत

Monsoon Update: उत्तराखंड में भूस्खलन से 1000 लोग फंसे… यूपी में बारिश से 10 की मौत

नई दिल्ली, 10 जुलाई। Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को पूरे देश को कवर कर लिया। इस बार मानसून ने सामान्य समय से पहले केवल 36 दिनों में पूरे भारत में दस्तक दे दी, जबकि आमतौर पर इसमें 38 दिन लगते हैं। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के बाद मानसून की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड में भूस्खलन से हाईवे बंद

उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ है। उत्तरकाशी जिले में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे बंद हो गए हैं। यमुनोत्री मार्ग बाधित होने से करीब 1000 यात्री रास्ते में फंस गए हैं। पिथौरागढ़ में चट्टानें गिरने से आदि कैलाश मार्ग भी बंद हो गया है। भारी बारिश को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। हरिद्वार के कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भरने से जनजीवन प्रभावित रहा।

उत्तर प्रदेश में 10 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के 69 शहरों में गुरुवार को बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में एक पुरानी मस्जिद की दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। वहीं हरदोई में नदी में नहाने गई दो बहनें तेज बहाव में बह गईं, जिनमें से एक की तलाश जारी है।

राजस्थान में मकान ढहे, ट्रेनें प्रभावित

राजस्थान में लगातार बारिश के कारण धौलपुर में एक मकान ढहने से छह लोग मलबे में दब गए। वहीं अजमेर के किशनगढ़ में कच्चा मकान गिरने से एक परिवार के तीन सदस्य मलबे में फंस गए। भारी बारिश के चलते राज्य में छह ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

दिल्ली में जलभराव और ट्रैफिक जाम

राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और प्रमुख सड़कों पर लंबे ट्रैफिक जाम देखने को मिले। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Breaking News National