दतिया, 11 जुलाई। Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। टिकट घोषणा के कुछ ही घंटों बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भाजपा जिला कार्यालय के बाहर जुटे और विरोध प्रदर्शन किया।
नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर धरना दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के खिलाफ भी नारे लगाए।
टिकट नहीं मिलने से बढ़ी नाराजगी
राजनीतिक गलियारों में पहले से चर्चा थी कि भाजपा दतिया सीट से एक बार फिर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को मौका दे सकती है। लेकिन पार्टी ने पूर्व मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया। इसके बाद नरोत्तम समर्थकों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।
बाजार बंद कराने निकले समर्थक
विरोध प्रदर्शन के बाद नाराज कार्यकर्ता शहर की सड़कों पर उतर आए और बाजार बंद कराने की अपील की। इसके चलते टाउन हॉल, बड़ा बाजार और किला चौक क्षेत्र की कई दुकानें बंद रहीं। विरोध के चलते शहर का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।
जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दिया इस्तीफा
टिकट वितरण से नाराजगी के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाह सहित जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इसे पार्टी के अंदर बढ़ते असंतोष के रूप में देखा जा रहा है।
शीर्ष नेतृत्व से मिलकर टिकट बदलने की मांग
नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने संकेत दिए हैं कि वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर उम्मीदवार बदलने की मांग करेंगे। उनका कहना है कि टिकट फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उपचुनाव से पहले दतिया में सामने आया यह विरोध भाजपा के लिए चुनौती बनता नजर आ रहा है।


