Weather Update: देशभर में बारिश का कहर: महाराष्ट्र, यूपी, ओडिशा समेत कई राज्यों में चेतावनी

Weather Update: देशभर में बारिश का कहर: महाराष्ट्र, यूपी, ओडिशा समेत कई राज्यों में चेतावनी

नई दिल्ली, 07 जुलाई| Weather Update: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसके चलते उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दिल्ली-एनसीआर समेत 23 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है, जबकि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है और कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और ओडिशा के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान मध्य भारत के साथ-साथ उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।

IMD ने महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं गुजरात, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

मौसम