रायपुर, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ठगों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का अधिकारी बताकर महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाया और पांच दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा।
जानकारी के मुताबिक, ठगों ने महिला को कार्रवाई और गिरफ्तारी का भय दिखाकर मानसिक दबाव बनाया। इसके बाद उनसे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर रकम ठगों के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली।
मामले का पता चलने के बाद महिला ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


