रायपुर, 06 नवम्बर। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का छह दिवसीय दीपावली महोत्सव के लिए छत्तीसगढ़ आगमन हो चुका है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी वे अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर, बिलासपुर, सिमगा, बेमेतरा और कबीरधाम सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
शंकराचार्य का 5 नवंबर को रायपुर आगमन हुआ, जहां से वे बिलासपुर के लिए रवाना हुए। बिलासपुर के चिचिरदा स्थित हरीश शाह के फार्म हाउस ‘कुंज कुटीर’ में उनका प्रवास निर्धारित है। यहां उनके आगमन पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रवास के दौरान धनतेरस पूजन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
7 नवंबर को सिमगा के सपाद लक्षेश्वर धाम पहुंचेंगे
7 नवंबर को सुबह 9 बजे शंकराचार्य बिलासपुर के चिचिरदा से सिमगा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम, शंकराचार्य आश्रम ग्राम सलधा के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां दंडी स्वामी श्रीमद् ज्योतिर्मयानंद द्वारा पादुका पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को शंकराचार्य के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
8 नवंबर को बाइक रैली के साथ कवर्धा में होगा स्वागत
8 नवंबर को सुबह 9 बजे शंकराचार्य सपाद लक्षेश्वर धाम से देवरबीजा और थान खम्हरिया होते हुए रणवीरपुर पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालु भव्य बाइक रैली के साथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सिल्हाटी, सहसपुर लोहारा और ओड़िया होते हुए कवर्धा पहुंचेंगे।
कवर्धा पहुंचने पर शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी अशोक साहू के निवास पर पादुका पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात विशाला धर्म ध्वज चौक में नवीन धर्म ध्वज की स्थापना की जाएगी।
इसके बाद पूज्यश्री ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के निवास पहुंचेंगे, जहां उपाध्याय परिवार द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। यहां भी श्रद्धालुओं को उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त होंगे।
मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली महोत्सव मनाने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। उनके आगमन से प्रदेश के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह और हर्ष का वातावरण है।


