MP News: मध्य प्रदेश में स्मार्ट आंगनवाड़ी की शुरुआत…अब बच्चों को मिलेगी डिजिटल पढ़ाई

MP News: मध्य प्रदेश में स्मार्ट आंगनवाड़ी की शुरुआत…अब बच्चों को मिलेगी डिजिटल पढ़ाई

उज्जैन, 16 जुलाई। MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने आंगनवाड़ियों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में प्रदेश की पहली ‘स्मार्ट आंगनवाड़ी’ का निरीक्षण किया। इस पहल के तहत आंगनवाड़ियों को केवल पोषण केंद्र नहीं, बल्कि प्ले-स्कूल और प्रारंभिक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें झूले झुलाए और स्मार्ट टीवी व डिजिटल लर्निंग टूल्स के जरिए हो रही पढ़ाई का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अब आंगनवाड़ी बच्चों की पहली पाठशाला बनेगी, जहां शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं एक साथ मिलेंगी।

सीईओ फाउंडेशन के संजीव दुबे ने बताया कि उज्जैन प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां करीब 1,000 आंगनवाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट आंगनवाड़ी में बदला जाएगा।

स्मार्ट आंगनवाड़ी में बच्चों के लिए रंगीन क्लासरूम, झूले, खेल सामग्री, नई यूनिफॉर्म, स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग टूल उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत वजन और ऊंचाई मापने की मशीन, न्यूट्रिशन किट और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर और आधुनिक शौचालय भी बनाए गए हैं।

सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक उज्जैन जिले की सभी आंगनवाड़ियों को स्मार्ट आंगनवाड़ी में बदलना है। इसके बाद इस मॉडल को पूरे मध्य प्रदेश में लागू करने की योजना है।

Education