Jagannath Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुए राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णु देव साय

Jagannath Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुए राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णु देव साय

रायपुर, 16 जुलाई। Jagannath Rath Yatra: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को भव्य रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

रथयात्रा से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पारंपरिक ‘छेरा-पहरा’ की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच रथ पर विराजित कर रथयात्रा का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, अच्छी फसल और समृद्धि आती है। उन्होंने प्रदेश में भरपूर बारिश, कृषि विकास और किसानों की खुशहाली की प्रार्थना की।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है।

गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में हर वर्ष पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है। ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति गहरी आस्था है और प्रदेशभर में रथयात्रा का आयोजन धूमधाम से किया जाता है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Religion राज्य खबर