गौरेला, 18 जुलाई। Free Health Camp: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने गौरेला विकासखंड के बैगा बहुल ग्राम छिरहिट्टी (साल्हेघोरी) में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 164 ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में हड्डी रोग, महिला रोग, नेत्र रोग और मेडिसिन विशेषज्ञों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं, जबकि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।
शिविर के दौरान मौसमी बीमारियों की पहचान और उपचार के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उनके घर के करीब ही मिल सके। विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।


