मुंबई, 04 नवम्बर। Lawrence Bishnoi Gang: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले शख्स ने अभिनेता से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आयुष्मान खुराना की टीम ने पुलिस को इस धमकी की शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए ऑडियो मैसेज के जरिए करोड़ों रुपये की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस धमकी भरे ऑडियो क्लिप की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मैसेज भेजने वाला व्यक्ति कौन है और उसका असली मकसद क्या था।
इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर अभिनेता तुषार कपूर को धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। फिलहाल आयुष्मान खुराना को मिली धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है।


