रायपुर, 22 जुलाई। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और आदिम जाति विकास विभागों को यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से बेहतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साझा लक्ष्य और समन्वित प्रयासों से शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण को कम करने में मदद मिलेगी।
सीएम साय ने अधिकारियों से ऐसी मल्टी-सेक्टोरल रणनीति बनाने को कहा, जिससे स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक नंदी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। वहीं यूनिसेफ प्रतिनिधि ने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया।
सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री का “जय जोहार” कहकर अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि यूनिसेफ लंबे समय से छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य और बेहतर बनेगा।


