रायपुर, 22 जुलाई। BJP Protest: प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार राजनीतिक टकराव देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव करने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
भाजपा ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास घेराव के आह्वान का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यालय घेराव का ऐलान किया था। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजीव भवन की ओर बढ़े।
वहीं, कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ताओं को राजीव भवन पहुंचने के लिए अलर्ट किया था। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आने के बाद मौके पर जमकर नारेबाजी हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
पुलिस ने पहले से ही राजीव भवन के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। जब कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। आंसू गैस के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पूरे घटनाक्रम के दौरान राजीव भवन और आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।


