रायपुर, 24 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा और नीतिगत फैसला लिया है। प्रदेश सरकार अब यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से कुपोषण उन्मूलन के लिए एक वृहद, समन्वित और परिणामोन्मुख मास्टर प्लान तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को यूनिसेफ के साथ मिलकर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना, कुपोषण को जड़ से समाप्त करना और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। उच्चस्तरीय बैठक में राज्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बच्चों और माताओं का बेहतर पोषण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यूनिसेफ के तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय से प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयार की जाने वाली कार्ययोजना संयुक्त, परिणामोन्मुख और समयबद्ध हो, ताकि कुपोषण उन्मूलन के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा में हासिल किया जा सके।
वहीं, यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने राज्य सरकार के इस संकल्प की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ में बाल कल्याण, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए हरसंभव तकनीकी और रणनीतिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।


