Kulgam Terror Attack: कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को जम्मू-कश्मीर सरकार देगी 10-10 लाख की सहायता

Kulgam Terror Attack: कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को जम्मू-कश्मीर सरकार देगी 10-10 लाख की सहायता

जम्मू-कश्मीर, 1 अगस्त। Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय और कायराना करार दिया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाने वाली 10 लाख रुपये की यह सहायता राशि जिला प्रशासन द्वारा पहले घोषित 6 लाख रुपये की तत्काल राहत से अलग होगी। यानी पीड़ित परिवारों को जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से कुल 16 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में शुक्रवार एक ईंट-भट्ठे पर आतंकवादियों ने हमला किया था। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे और भूपेंद्र को निशाना बनाया गया।

हमले में दीपक रात्रे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को पहले जीएमसी अनंतनाग और बाद में बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस सौरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Breaking News