Raipur News: स्मार्ट मीटर के विरोध में विकास उपाध्याय ने बनाई रील…

Raipur News: स्मार्ट मीटर के विरोध में विकास उपाध्याय ने बनाई रील…

रायपुर, 4 अगस्त। Raipur News: छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस ने विरोध का नया तरीका अपनाया है। रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बिजली मीटर के सामने खड़े होकर फिल्मी गाने ‘तेरी गलियों में कयामत होगी…’ पर रील स्टाइल में वीडियो बनाकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

विकास उपाध्याय का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो के जरिए उन्होंने स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार एक ओर महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1000 रुपये की सहायता दे रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली के जरिए आम लोगों से कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है।

पार्टी का कहना है कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर पहले ही प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है और अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे को लेकर उसका आंदोलन और तेज किया जाएगा।

News and Politics