नई दिल्ली, 05 अगस्त। Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ गई हैं। झारखंड में बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। वहीं, केरल में 1 अगस्त से जारी भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 4 लोग लापता हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
झारखंड और केरल सबसे ज्यादा प्रभावित
झारखंड में सबसे अधिक 9 मौतें गिरिडीह, 3 दुमका और 2 लातेहार जिले में हुई हैं। वहीं केरल के पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा जिलों में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। राज्य में 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन का असर
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण 153 से अधिक सड़कें बंद हैं, जबकि उत्तराखंड में 99 सड़कें बाधित हैं। देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट के चलते 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
राजस्थान के 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के उत्तर-पूर्वी जिलों, मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग, जबकि छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की है।


