कानपुर, 05 अगस्त। Fake Haldi: उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मसाला फैक्ट्री में कथित तौर पर नकली हल्दी पाउडर बनाने के खेल का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में चावल के टूटे दानों को पीसकर उनमें रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मसाले, रंग और कच्चा माल बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई कानपुर के पनकी स्थित इस्पात नगर में संचालित पीतांबरा इंटरप्राइजेज में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने की।
साबुत हल्दी नहीं मिली, बढ़ा संदेह
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था, लेकिन अधिकारियों को वहां साबुत हल्दी का कोई स्टॉक नहीं मिला। इसके बाद टीम ने फैक्ट्री में रखे कच्चे माल की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल के टूटे हुए दाने मिले। अधिकारियों का दावा है कि इन्हें पीसकर हल्दी जैसा लिक्विड रंग मिलाया जाता था और फिर उसी मिश्रण को हल्दी पाउडर के रूप में पैक कर बाजार में भेजा जाता था।
मिर्च और धनिया मसालों में भी जांच
फैक्ट्री से मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी में इस्तेमाल होने वाला रंग तथा मिर्च को अधिक चमकदार दिखाने वाले रंग भी बरामद किए गए। सभी संदिग्ध सामग्री को जब्त कर सील कर दिया गया है।
छह नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री से कुल छह नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मसालों में किस प्रकार की मिलावट की गई थी और क्या उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप थे।
विभाग ने कहा है कि यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


