रायपुर, 05 अगस्त। CG News: राजधानी रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक में हेवी मशीनरी के बीच सात बोरियों में गांजा छिपाकर ओडिशा से नागपुर ले जा रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदिरहसौद की ओर से रायपुर आ रहे एक छह चक्का ट्रक में भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की।
तलाशी के दौरान अशोक लीलैंड ट्रक में हेवी मशीनरी के बीच छिपाकर रखी गई सात बोरियों से करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ट्रक सहित गांजा जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोहम्मद लाल और मोहम्मद रुस्तम के रूप में बताई। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रहकर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं और लंबे समय से मुंबई-कोलकाता रूट पर माल परिवहन का कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे ओडिशा से नागपुर की ओर गांजे की खेप ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई
रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में 5.22 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, सिरप, डोडा, नकदी, चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


