बिलासपुर, 08 अगस्त। Road Development: नांदघाट से मुंगेली जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने 36.40 किलोमीटर लंबी नांदघाट-मुंगेली सड़क को टू-लेन से फोरलेन करने की मंजूरी दे दी है।
इस सड़क के लिए पहले 116 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। अब फोरलेन निर्माण के लिए 21.81 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है। इसके बाद सड़क पर कुल 137.81 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद अतिरिक्त बजट की स्वीकृति दी गई है। फोरलेन बनने के बाद मुंगेली, लोरमी, पंडरिया और रायपुर के बीच आवागमन पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क को फोरलेन करने की मांग कर रहे थे। अब अतिरिक्त राशि मंजूर होने के बाद इस मांग को बड़ी मंजूरी मिल गई है।


