ग्रेटर नोएडा, 24 सितम्बर। Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।
मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने के लिए बस की बॉडी काटनी पड़ी।
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ। राज कल्पना ट्रैवल्स की बस संख्या BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
ग्रेटर नोएडा में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।


