Raipur News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में… रायपुर में 17 टुकड़ियां करेंगी परेड

Raipur News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में… रायपुर में 17 टुकड़ियां करेंगी परेड

रायपुर, 13 अगस्त। Raipur News: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और तिरंगा फहराएंगे। समारोह से पहले 13 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है, जिसमें परेड, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

17 टुकड़ियां परेड में होंगी शामिल

इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में कुल 17 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनमें BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां शामिल हैं। खास बात यह है कि बिहार पुलिस की टुकड़ी भी इस बार परेड में शामिल होगी।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियां, जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी कदमताल करती नजर आएंगी।

घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड दिखाएंगे हुनर

समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड की टीम अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगी, जबकि घुड़सवार दल भी अपनी प्रस्तुति से लोगों का ध्यान आकर्षित करेगा।

स्वतंत्रता दिवस परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे।

पुलिस और प्रशासन की ओर से समारोह स्थल की सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 15 अगस्त का मुख्य समारोह भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

राज्य खबर