रायपुर, 15 अगस्त। CM Sai Big Announcements: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के भाषण में AI, रोजगार, मेडिकल शिक्षा और युवाओं पर खास फोकस रहा। सबसे बड़ा ऐलान 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन का रहा। इसके तहत प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीक, सेवाओं और संभावनाओं को बढ़ावा देने की योजना है। युवाओं के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य नए आइडिया और स्टार्टअप को बढ़ावा देना है। साथ ही युवाओं को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण देने के लिए 30 ITI के उन्नयन का काम भी किया जा रहा है।
मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू किए जा रहे हैं। रोजगार के मोर्चे पर बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। वहीं पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती किए जाने और शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
अग्निवीरों के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ा फैसला बताया। चार साल की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
खेल के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को DSP पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने के फैसले की जानकारी दी।


