CG News: आर्थिक तंगी से जूझ रहे अविनाश का डीकेएस में सफल इलाज… मिली नई जिंदगी

CG News: आर्थिक तंगी से जूझ रहे अविनाश का डीकेएस में सफल इलाज… मिली नई जिंदगी

रायपुर, 18 अगस्त। CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार और ऑपरेशन संभव हो सका। फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी अविनाश को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ उनकी परेशानी भी बढ़ती गई और चलने-फिरने समेत रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगे।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज और ऑपरेशन कराना मुश्किल था। कुछ वर्ष पहले अविनाश ने जिला अस्पताल में उपचार के लिए संपर्क किया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बड़े चिकित्सा संस्थान में उपचार कराने की सलाह दी। इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ परिवार ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में सहायता के लिए आवेदन किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंप कार्यालय ने तत्काल पहल की और अविनाश को रायपुर भेजकर डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराया गया। सफल ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं और दैनिक कार्य भी सहजता से कर रहे हैं।

स्वस्थ होकर मुख्यमंत्री से मिले अविनाश

स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार आया है। अविनाश ने कठिन समय में मदद उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री साय ने भी अविनाश के स्वस्थ होने पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद परिवार के लिए समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल मानवता और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बनकर सामने आई है।

राज्य खबर